बिहार में 21 हजार 391 नये पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी हो जायेगी। फिलहाल लिखित परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC Bihar Police Constable 2023) ने इनकी नियुक्ति के लिए 1 अक्टूबर 2023, 7 अक्टूबर 2023 और 15 अक्टूबर 2023 को लिखित परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है।
वहीं, बरसात का मौसम खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच कराने का प्रस्ताव है ताकि मैदान में जलजमाव न हो। नवंबर में शारीरिक परीक्षा आयोजित करने के बाद चयनित पात्र उम्मीदवारों की मेरिट सूची दिसंबर में जारी की जाएगी।
21 हजार नये पुलिस कांस्टेबल भर्ती जल्द
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार के अनुसार नव चयनित पुलिस बलों में साइबर, फॉरेंसिक, यातायात एवं कानून व्यवस्था के लिए जवान उपलब्ध कराये जायेंगे। इससे एक ओर जहां अपराध की घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
वहीं, साइबर एवं फॉरेंसिक सेल के लिए चयनित पुलिस बलों से तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मी उपलब्ध रहेंगे। वहीं इन पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक और डायल 112 अभियान की भी जानकारी दी जाएगी। उनके चयन के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर एक आंतरिक कमेटी का गठन किया गया है।
स्वीकृत बलों की संख्या 2 लाख 27 हजार
राज्य में स्वीकृत पुलिस बलों की संख्या 2 लाख 27 हजार है, फिलहाल 1.20 लाख पुलिसकर्मी तैनात हैं। नई नियुक्ति के बाद पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 1.41 लाख हो जाएगी, प्रति लाख आबादी पर पुलिसकर्मियों का राष्ट्रीय औसत 155 है।
वहीं, बिहार में प्रति एक लाख आबादी पर पुलिसकर्मियों का स्वीकृत औसत 115.26 है, जबकि वास्तविक अनुपात 90 है। प्रति एक लाख आबादी पर 150 से 160 पुलिस बल तैनात करने का प्रयास किया जा रहा है।